मंदिर के पुजारी ने रमजान में इफ्तार के लिए बांटा सुखा राशन!
बिहारशरीफ(एस राजा)-कोरोना वायरस का संक्रमण का भय के तनावपूर्ण वातावरण के बीच भी हिन्दू- मुस्लिम का मुद्दा बनाने वाली घटनाओं के बीच सौहार्द की यह खबर सुकून देने वाली है। लॉक डाउन के बीच दोनों समुदाय के त्योहार भी सादगी के साथ मनाये जा रहे हैं। हाल ही में रामनवमी बीता तो अब शनिवार से पाक रमजान माह शुरू हो रहा है। पूरे एक माह तक इफ्तार के लिए राशन, फल आदि की जरूरत पड़ेगी। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी जरूरतमंद लोगों को होगी। इसी समस्या को देखते हुए अलीशाह क्रिकेट क्लब द्वारा इफ्तार से संबंधित सूखा राशन व अन्य सामग्रियों का गुरुवार से वितरण शुरू किया। स्थानीय गढ़पर स्थित मस्जिद के समीप इसकी शुरूआत हुई। खासियत यह रही कि गढ़पर के ही मनोकामना देवी मंदिर के पुजारी विजय कुमार पाण्डे के हाथों वितरण की शुरूआत की गयी। उन्होंने सूखा राशन व अन्य सामान का वितरण किया। क्लब के अध्यक्ष मो. अरसद जेन, गोपाल सिंह, पियूष रंजन चिक्कू, गुलरेज आदि ने सहयोग किया। दर्जनों लोगों को राशन दिया गया। ताकि रमजान के दौरान इफ्तार में समस्या न हो और लॉक डाउन में बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़े।
हिन्दुओं को भी दिया राशन ताकि घर से ही हो खुशी में शरीक
इस अवसर पर कई हिन्दू परिवारों को भी सूखा राशन दिया गया। पुजारी सहित दोनों समुदाय के लोगों ने राशन दिया। क्लब के अध्यक्ष अरशद ने कहा कि रमजान माह के दौरान दावत ए इफ्तार के माध्यम से आस-पड़ोस और जान-पहचान के हिन्दू भाईयों को भी इफ्तार में बुलाकर अपनी खुशियों में शामिल करते हैं। इस बार लॉक डाउन है और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करना है ऐसे में सामूहिक स्तर पर दावत ए इफ्तार का आयोजन नहीं हो सकता। जिसे देखते हुए इन्हें भी वही सामग्री दी गयी है जो रोजा रखने वालों को दी जा रही है ताकि ये अपने घर में ही बनाकर खायें और हमारी खुशियों में शरीक हों। इस्लाम में आस पड़ोस के लोगों की खुशियों का ध्यान रखने का काफी महत्व है।
फेसबुक के माध्यम से जुड़े लोग
क्लब के अध्यक्ष अरशद व्यक्तिगत रूप से सामग्री वितरण के लिए लगे थे। उन्होंने इसके लिए फेसबुक पर भी अपील की थी। नालंदा जिला बैडमिंटन संघ का ने भी अपील किया और सहोग भी किया उनकी इस अपील पर दोनों ही समुदाय के कई लोगों ने हाथ बढ़ाया। उन्होंने बताया कि नेक काम के लिए समाज में मदद करने वालों की कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि आपका इरादा नेक और दिल पाक हो।
बढ़ेगा सद्भाव
रमजान मिल्ल्त का संदेश देने वाला पर्व है। इस बार कोरोना के कारण विपरीत परिस्थिति है। ऐसे में रोजेदार और आस पड़ोस के लोगों को सहयोग करने से समाज में अच्छा संदेश जायेगा। दोनों समुदाय के बीच राशन का वितरण हुआ है। यह सद्भाव बढ़ाने वाला है।
विजय कुमार पाण्डे, पुजारी मनोकामना देवी मंदिर
गले मिलकर मनायें ईद यही कामना है
तीन मई तक लॉक डाउन है। विश्वास है कि तब तक सबु कुछ ठीक हो जायेगा। सभी लोग मिल-जुलकर कोरोना को हरा देंगे और अल्लाह ने चाहा तो ईद की नमाज इदगाह में एक साथ मिल-जुलकर पढ़ेंगे व गले से गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकवाद भी देंगे।

0 Comments