रविवार को पटना में बिहार पुलिस विशेष पारितोषिक वितरण समारोह 2019 के अवसर पर डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के हाथों डीआईयू प्रभारी सह बिहारशरीफ सर्किल इंस्पेक्टर मो. मुश्ताक अहमद, सिपाही पंकज कुमार भारती और मुकेश कश्यप सम्मानित हुए | अपराध अनुसंधान विभाग द्वारा पटना के सरदार पटेल भवन में आयोजित बिहार पुलिस विशेष पारितोषिक वितरण समारोह 2019 के अवसर पर पदाधिकारी और कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में डीजीपी के अलावा मुख्यालय के अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद थे। पदाधिकारी और आरक्षियों के सम्मनित होने पर जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने उन्हें बधाइयां दी।
मुठभेड़ के बाद पकड़ा था 50 हजार का इनामी बदमाश-
6 अप्रैल की शाम नालंदा पुलिस ने दीपनगर के नदियौना गांव में मुठभेड़ के बाद 50 हजार के इनामी बदमाश को पकड़ा था। गिरफ्तार बदमाश दीपनगर के कोरई गांव निवासी लखन यादव का पुत्र वेद प्रकाश यादव उर्फ वेदू यादव उर्फ सातो यादव पर हत्या समेत सात से अधिक एफआईआर नालंदा, दीपनगर और सिलाव थाना में दर्ज है। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर मुश्ताक अहमद और उनकी टीम के आरक्षी पंकज कुमार भारती और मुकेश कश्यप की भूमिका सराहनीय रही। घिर जाने के बाद बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग कर रहा था। जिसके बाद पुलिस ने बदमाश को हथियार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
डेढ़ करोड़ की मूर्तियों के साथ तीन तस्करों को पकड़ा-
सोहसराय थाना इलाके के शृंगार हाट मोहल्ला से नालंदा पुलिस ने 22 अप्रैल की रात डेढ़ करोड़ के अष्टधातु की राधा-कृष्ण की मूर्तियों के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर और उनके टीम के दो आरक्षियों की भूमिका सराहनीय रही। दीवार में बने अलमारी के पीछे तहखाना से मूर्तियां बरामद हुई थी। मूर्ति के साथ सहोखर निवासी विकास कुमार, दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोहल्ला निवासी नागो पासवान व जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित मिर्जागंज गांव निवासी रामविलास कुमार को गिरफ्तार किया गया है। तस्करों मूर्तियों को बेचने की फिराक में थे। उसी दौरान गुप्त सूचना पर कार्रवाई की थी ।

0 Comments